पटना: बिहार कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए AI जनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दो किरदार दिखाई दे रहे हैं. 10 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर इस AI वीडियो को जारी किया था. इस वीडियो को लेकर एक बार फिर से पूरे देश में सियासी बवाल मच गया है. इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा गया है कि साहब के सपनों में आईं ‘मां’, देखिए रोचक संवाद.
पीएम मोदी और उनकी मां का AI वीडियो: बिहार चुनाव से पहले पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले दरभंगा में गाली दिए जाने का मामला तूल पकड़ा और अब एआई वीडियो ने सियासी बवंडर मचा दिया है. इस वीडियो में पीएम मोदी को सोते हुए दिखाया गया है और इसी दौरान सपने में उनकी मां को दिखाया गया है. सपने में मां आकर पीएम मोदी को डांटती हैं. वीडियो की भाषा को लेकर विवाद छिड़ गया है.
बीजेपी का हमला: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी बहुत गिर गए हैं. जैसे उनकी नकली मां है, जैसे वह अपनी मां का अपमान करते हैं, वैसे ही वह किसी और की मां का सम्मान कैसे कर सकते हैं? इस तरह से मोदी की मां का एआई वीडियो बनाना धोखाधड़ी का मामला, जांच और कानूनी सजा का हकदार है.”
ऐसे लोगों को सामाजिक नहीं बल्कि कानूनी रूप से सजा मिलनी चाहिए. ऐसे लोगों को डूबकर मर जाना चाहिए. यह दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है और इसका परिणाम आने वाले समय में भुगतना होगा. लालू जी की मुराद पूरी नहीं होगी. मोदी जी नहीं होते तो राहुल और आपके बेटे गाड़ियों में मोटरसाइकिलों में फटफट नहीं चलते. आपने तो बिहार को गड्ढा में डाल दिया था.” – गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री
‘बहुत नीचे गिर गए हैं’: बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, यह निंदनीय है.वे बहुत नीचे गिर रहे हैं. देश के लोग कांग्रेस पार्टी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. उन्हें इसके पीछे के कारणों पर गौर करना चाहिए. एक रिक्शावाले की मां को भी गाली देंगे तो वह बोलेगा कि मुझे अपमानित कीजिए मेरी मां को नहीं. यहां तो देश के पीएम की मां पर इस तरह की बातें हो रही हैं.AI से वीडियो बनाकर ऑफिशियल पेज से मजाक उड़ाया जा रहा है, इससे घटिया बात और क्या हो सकती है? देश का पीएम क्या कर रहा है, यह देश की जनता देख रही है. कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए.











