नेपाल में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दे दिया. तख्तापलट होने के बाद मंगलवार रात करीब 10 बजे नेपाल आर्मी ने मोर्चा संभाल लिया. जगह-जगह अनाउंसमेंट की गई. कई जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया है. इधर, भारत-नेपाल सीमा पर हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है. बॉर्डर पर चौबीसों घंटे सुरक्षाबल निगरानी कर रहे हैं.
लगातार उग्र प्रदर्शन होता देख नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. दोनों का इस्तीफा होने के बाद नेपाली सेना की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है, कि देर रात 10 बजे से नेपाल राष्ट्र पर सेना का कब्जा होगा. वहीं, तख्तापलट के बाद सेना के जवानों ने नेपाली इलाकों में गश्त शुरू कर दी है. कर्फ्यू लगा दिया गया है. इस दौरान सेना के जवानों द्वारा घरों से बाहर न निकलने के लिए अनाउंसमेंट भी किया जा रहा है. देर रात तक इंडो-नेपाल बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रदर्शन किया जाता रहा.
बॉर्डर एरिया में हुई आगजनी: मंगलवार को बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर के रुपईडीहा चेक पोस्ट के पास बने सरकारी कार्यालय में आग लगा दी. वहीं, बॉर्डर पर बनी चौकी भी प्रदर्शनकारियों फूंक डाली. मामले को बढ़ता देख बॉर्डर से सटे सभी जिलों में हाईअलर्ट जारी कर दिया. बड़ी संख्या में एसएसबी जवानों ने बॉर्डर पर मोर्चा संभाल लिया है. अग्रिम आदेश तक बॉर्डर को सील कर दिया गया है.
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मंगलवार देर रात डीएम संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना सोनौली बॉर्डर पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया. डीएम और एसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए. नेपाल बॉर्डर पर फिलहाल पांच थानों की फोर्स तैनात है, साथ ही दो सीओ को भी ड्यूटी पर लगाया गया है.











