संभल : समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद के आम के बाग में शनिवार को बुलडोजर चला. बाग में लगभग साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत पर नापतोल की गई. पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर से सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया.
SDM विकास चंद्र ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव मंडलाई में गाटा संख्या 198 और 222, इकबाल महमूद, फैज इकबाल, मौ. जैद, मौ. जुनेद, मौ. असलम, शान इकबाल और सुहेल इकबाल के नाम दर्ज है. उनके बीच चार सरकारी गाटा 221 (बंजर), 221 ख, 271 (नाली) और 272 (नाली) थे, लेकिन इन सरकारी गाटों का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त कर दिया गया और उनकी जगह पर पूरे क्षेत्र का उपयोग आम के बाग के रूप में किया जा रहा था.
बिना परमिशन कटहल का पेड़ काटा : SDM विकास चंद्र ने बताया, आज की कार्रवाई में सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे. जांच के दौरान यह भी पाया गया कि बाग में कटहल का पेड़ बिना अनुमति काटा गया है, जिसके संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जमीन को कराया कब्जा मुक्त : SDM ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा काफी पहले किया गया था. सटीक समय बताना मुश्किल है. उन्होंने बताया कि गाटा संख्या 198 और 222 को मिलाकर कुल साढ़े सात हेक्टेयर जमीन है, जिसके बीच की सरकारी जमीन को समाप्त कर कब्जा कर लिया गया था. फिलहाल सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया जा रहा है और अपने नियंत्रण में लिया जा रहा है.
सांसद बर्क को घर गिराने का नोटिस : वहीं, जो पेड़ बिना अनुमति काटा गया है उस पर वन विभाग द्वारा अलग से कार्रवाई की जाएगी. SDM ने कहा, फिलहाल हमारी प्राथमिकता सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराना है. बता दें कि संभल के समाजवादी पार्टी के सांसद ज़ियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ 24 नवंबर को हुई हिंसा मामले में मुकदमा दर्ज है. वहीं उन पर बगैर नक्शा पास कराए मकान निर्माण का आरोप है. प्रशासन ने एक माह के भीतर सांसद को अवैध निर्माण ध्वस्त करने का नोटिस दिया है.










