अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ सालों में कमाल का खेल दिखाया है और क्रिकेट जगत में अपनी कभी न मिटने वाली छाप अब तक छोड़ दी है. अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों को भी हराया है, लेकिन अब अफगानिस्तान ने एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान को धूल चटाकर सभी टीमों को सचेत रहने पर मजबूर कर दिया है.
दरअसल, बीते मंगलवार को अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज के मैच में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शारजाह में मुकाबला खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान को अफगानिस्तान के हाथों 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा है. अब अफगानिस्तान की नजरें भारत की मेजबानी वाले एशिया कप का विजेता बनने पर होंगे, जो टी20 फॉर्मेट में 9 सितंबर से खेला जाने वाला है.
पाकिस्तान को 18 रनों से मिली अफगानिस्तान से हार
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 169 रन बनाए थे. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन ही बना पाई और 18 रनों से मैच हार गई. इस मैच में अफगानिस्तान के लिए सेदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जदरान ने क्रमश: 64 और 65 रन बनाए. जदरान को प्लेयर ऑफ द मैच मिला. पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ ने 4 विकेट चटकाए.
पाकिस्तान के लिए फखर जमान ने 25 और हारिस रऊफ ने 34 रनों की पारी खेली. अफगानिस्तान की ओर से फजलहक फारूकी, राशिद खान, मोहम्मद नबी और नूर अहमद ने दो-दो विकेट लिए. ये ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान की 3 मैचों में दूसरी जीत है और वो 4 प्वाइंट्स के साथ पाकिस्तान के बाद दूसरे नंबर पर बनी हुई है.










