हल्द्वानी: भारी बारिश के चलते वन्यजीव भी परेशान हो गए हैं. ऐसे अब वन्यजीव अपने निवास स्थल को छोड़कर रिहायशी इलाकों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. इसमें सबसे ज्यादा सांपों की, आबादी के बीच में पहुंचकर दहशत बढ़ाने की घटना रिकॉर्ड की जा रही है. 30 अगस्त को एक 14 फीट लंबे किंग कोबरा सांप ने देहरादून के भाऊवाला में वन कर्मियों के पसीने छूटा दिए थे. अब नैनीताल जिले के हल्द्वानी में किंग कोबरा को वन कर्मियों द्वारा पकड़ा है. खास बात ये है कि किंग कोबरा बाइक की हेडलाइट में छिपा हुआ था।
सोमवार को हल्द्वानी में उस समय हड़कंप पहुंच गया, जब एक सरकारी विभाग के अधिकारी की घर के बाहर खड़ी बाइक में किंग कोबरा सांप घुस गया. अधिकारी जब बाइक उठाकर आंगन में ले जाने लगे तो देखा कि किंग कोबरा सांप की पूंछ बाइक की हेडलाइट के बगल में लटकी हुई थी. आवास पर कोबरा सांप निकलने से परिजनों में हड़कंप मच गया. शोरगुल से घबराकर सांप बाइक की हेडलाइट में जा छिपा. अधिकारी ने सांप आने की सूचना वन विभाग को दी. जहां वन विभाग रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंच कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
गोजाजाली स्थित दूध संघ में कार्यरत डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि वह बाजार गए हुए थे और बाजार से जब अपने घर पहुंचे तो उन्होंने बाइक को घर के बाहर खड़ा कर दिया. थोड़ी देर बाद जब वह बाइक को उठाकर घर के आंगन में पार्क करने ले जा रहे थे, इस दौरान बाइक के हेडलाइट के पास भूरे रंग का कोबरा प्रजाति का सांप दिखाई दिया. शोर करने से सांप बाइक की हेडलाइट में जा छिपा. वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सांप की सूचना दी गई.
सूचना पर तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू टीम के सदस्य सुभाष कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और सांप को बाइक से निकालने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद भी जब सांप बाइक की हेडलाइट से बाहर नहीं आया, तब बाइक मैकेनिक को बुलाकर हेडलाइट को पूरी तरह से खुलवाया गया. तब जाकर सांप को रेस्क्यू किया जा सका.










