डोडा: जम्मू संभाग में पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश में चार लोगों की मौत हो गई है और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि हर गुजरते घंटे के साथ स्थिति बिगड़ती जा रही है. सभी मौतें डोडा जिले में हुई हैं, जहां बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने भलेसा क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जबकि जम्मू शहर में अब तक की सबसे खराब स्थिति देखी जा रही है .
तवी नदी का जल स्तर हर गुजरते घंटे के साथ बढ़ रहा है. भारी बारिश होने के कारण कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया. डोडा जिले में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं. इस कारण कई संपर्क सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बंद हो गए हैं.
अब तक चार लोगों की गई जान
डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने ईटीवी भारत को बताया कि जिले में पिछले 24 घंटों में चार लोगों की मौत हो गई है, जिनमें भलेसा क्षेत्र में तीन और भद्रवाह में एक व्यक्ति शामिल है. डिप्टी कमिश्नर ने बताया, “भलेसा क्षेत्र के अमृतपुरा, जक्यास निवासी मुहम्मद रमजान की बेटी आसिया बानो (13) की घर गिरने से मौत हो गई, जबकि तांता, कहरा निवासी मुहम्मद इकबाल के बेटे नूर मुहम्मद की बादल फटने से आई बाढ़ में मौत हो गई. समाई भलेसा निवासी इम्तियाज अहमद की पत्नी रुबीना बेगम कल एक नाले में डूब गईं. उनके शव का अभी तक पता नहीं चल पाया है. भद्रवाह के थानाला क्षेत्र निवासी स्वर्गीय अब्दुल कबीर की बेटी राहिला बानो की आज घर गिरने से मौत हो गई. डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने कहा कि, तमाम नदियां इस समय उफान पर हैं.
15 रिहायशी घरों को पहुंचा नुकसान
किश्तवाड़, डोडा और राजौरी जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों से लगभग 15 रिहायशी घरों और गोशालाओं को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है. भारी बारिश के कारण तीन पैदल पुल बह गए हैं. चिनाब नदी का उच्चतम जलस्तर 900 फीट है और वर्तमान में यह 899.3 मीटर तक पहुंच चुका है. चिनाब नदी के आस-पास और नदी से सटी सड़कों पर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है. भारी बारिश के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
जम्मू शहर में, तवी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर बह रहा है और पीरखो, गुज्जर नगर, बेलीचराना, निक्की तवी और अन्य निचले इलाकों में पानी घुस गया है. प्रशासन ने लोगों को आवश्यकता नहीं होने पर बाहर न निकलने और अपने आसपास की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने की सलाह जारी की है.










