दिल्ली : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने दिल्ली में कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चकराता से विधायक प्रीतम सिंह की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा।
वहीं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि हमारे पुराने साथी रामशरण नौटियाल जी को BJP में घुटन महसूस हुई, वहां का माहौल और काम से इनका मन खिन्न हो गया।रामशरण नौटियाल जी फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मैं इनका स्वागत करती हूं।
रामशरण नौटियाल ने कुछ दिनों पहले ही बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था, तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि रामशरण नौटियाल कांग्रेस में जाएंगे। आज 19 अक्टूबर को दिल्ली में रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली।
भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी के भीतर उन्हें उचित सम्मान नहीं मिल रहा था और वे स्थानीय नेताओं के रवैये व अंदरूनी खींचतान से आहत थे।
वे 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में देहरादून जिले की चकराता सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रहे थे, जहाँ उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह से हार मिली थी। वे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
रामशरण नौटियाल साल 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, और अब करीब 12 साल बाद दोबारा कांग्रेस में लौट आए हैं।








