कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय पर धावा बोला गया और वहां तोड़फोड़ की गई है। इस पर अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार तड़के हथियारों से लैस बीजेपी के गुंडों ने पार्टी के दफ्तर पर धावा बोला और वहां तोड़-फोड़ की।
सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर घटना का वीडियो पोस्ट शेयर करते हुए अभिषेक बनर्जी ने लिखा कि आज सुबह कैमक स्ट्रीट पर जो हुआ, वह कानून के राज पर एक शर्मनाक हमला है। सुबह करीब 4.30 बजे, हथियारों से लैस बीजेपी के गुंडों ने कोलकाता के बीचों-बीच स्थित हमारे पार्टी ऑफिस पर धावा बोल दिया। उन्होंने हमारे लोगों पर हमला किया, उनके फोन छीन लिए, फर्नीचर तोड़ा, ऑफिस में तोड़-फोड़ की और इलेक्ट्रॉनिक सामान नष्ट कर दिया। और कोलकाता पुलिस कहां थी? हमारे लोगों और वकीलों की ओर से बार-बार कॉल और ईमेल किए जाने के बावजूद, लगभग दो घंटे तक कोई जवाब नहीं मिला। यह बहुत ही निंदनीय और अस्वीकार्य है।
उन्होंने आगे लिखा कि हम इस हमले में शामिल हर व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हैं। हम इस बात की भी जांच की मांग करते हैं कि इस हिंसा की योजना किसने बनाई, इसे किसने आयोजित और निर्देशित किया, और बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने में क्यों नाकाम रही।
कोई भी राजनीतिक पार्टी या हथियारों से लैस गुंडों का कोई भी समूह कानून से ऊपर नहीं हो सकता। अगर लोग सुबह 4.30 बजे हथियारों के साथ किसी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस में घुस सकते हैं, लोगों पर हमला कर सकते हैं और संपत्ति में तोड़-फोड़ कर सकते हैं, जबकि पुलिस वहां मौजूद नहीं होती, तो पश्चिम बंगाल में कानून का राज आखिर बचा ही क्या है? अब बहुत हो चुका। दोषियों को गिरफ्तार करें। जवाबदेही तय करें, अभी कार्रवाई करें।
उन्होंने आगे लिखा कि आज सुबह-सुबह बीजेपी ने मेरे पार्टी ऑफिस के साथ यही किया है। क्या पश्चिम बंगाल के गवर्नर कोई कदम उठाएंगे? क्या केंद्रीय गृह मंत्री कोई कार्रवाई करेंगे? क्या PMO कोई एक्शन लेगा? या वे बस अनदेखा करते रहेंगे?
अब समय आ गया है कि न्यायपालिका, खासकर कलकत्ता हाई कोर्ट, इस स्थिति का गंभीरता से संज्ञान ले और पश्चिम बंगाल में कानून का राज बनाए रखने के लिए कदम उठाए। और सुवेंदु अधिकारी से एक सीधा सवाल: आप तृणमूल कांग्रेस और मुझसे इतना क्यों डरते हैं कि आपको डराने-धमकाने के ऐसे हथकंडे अपनाने पड़ रहे हैं?









