नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं के लिए आज का दिन खास रहा। सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय (ईस्ट) से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाओं की मौजूदगी रही, जिन्होंने योजना के तहत अपने आवेदन भी जमा किए।
सीएम रेखा गुप्ता ने रिबन काटकर योजना की शुरुआत की और लाभार्थी महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें फूल और मिठाई देकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं से बातचीत करते हुए योजना का लाभ उठाने और अन्य पात्र महिलाओं को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट में लिखा- अगस्त से दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सम्मान का एक नया अध्याय शुरु हो रहा है। आज से दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खुल गया है। किसी बहन के लिए यह अपने नाम की पहली बचत होगी, किसी के लिए दवा, किताब या घर की कोई जरूरी चीज। और किसी के लिए यह एहसास कि अब अपनी हर आवश्यकता के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। दिल्ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत हर पात्र महिला को प्रतिमाह ₹2,500 का आर्थिक संबल मिलेगा। यह राशि केवल खाते में नहीं जाएगी, यह आत्मविश्वास जगाएगी, निर्णय लेने की शक्ति बढ़ाएगी और जीवन को अपने ढंग से जीने का साहस देगी।
इस दौरान लाभार्थी महिलाओं ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया। कई महिलाओं ने मौके पर ही अपने आवेदन जमा किए।इस कार्यक्रम का मक़सद पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और उन्हें सीधे लाभ से जोड़ना रहा।









