मध्य प्रदेश: भोपाल में अपनी मांगों को लेकर किसान सड़क पर आ गए है। किसानों की मांग है कि सरकार मूंग दाल की पूरी फसल MSP पर खरीदे और खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। किसानों का कहना है कि वो बिना मांग पूरी हुए जाने वाले नहीं हैं।
किसान संगठनों ने भोपाल चलो का ऐलान किया था। और किसानों की आज सीएम हाउस को घेरने की तैयारी थ। जिसके बाद पुलिस ने तैयारी की थी और भोपाल के तमाम रास्तों पर बैरीकेट्स लगाए गए थे। भोपाल के बॉर्डर को सील किया गया था लेकिन पुलिस के सारे इंतजाम बेकार साबित हुए और हजारों किसान बैरिकेडिंग तोड़ते हुए भोपाल में घुस गए।
किसान इस बात पर अड़े हुए हैं कि सरकार इस सीजन की ग्रीष्मकालीन मूंग की 100% फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे और खाद वितरण प्रणाली में सुधार करे।
यह प्रदर्शन किसान प्रतिनिधिमंडल और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के बीच हुई बातचीत के बेनतीजा रहने के बाद शुरू हुआ।
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले 19 किसान संगठनों के प्रतिनिधि इस आंदोलन में शामिल हैं। किसानों ने साफ कहा है कि जब तक सरकार मूंग की फसल की 100 प्रतिशत खरीद की घोषणा नहीं करती और खाद वितरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।









