देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन हो गया है। उनके निधन से उत्तराखंड कांग्रेस और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। हीरा सिंह बिष्ट लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
हीरा सिंह बिष्ट के निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है। रात लगभग डेढ़ बजे के आसपास उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, इसके बाद उन्हें उनके परिजन ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनका निधन हो गया।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं इंटक के प्रदेश अध्यक्ष रहे हीरा सिंह बिष्ट जी के निधन का दुःखद समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है।
उन्होंने आगे लिखा कि हीरा सिंह हमेशा गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों एवं वंचितों की आवाज उठाने थे और वो जनप्रिय नेता थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार के साथ-साथ उत्तराखंड की राजनीति और श्रमिक आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।
हीरा सिंह बिष्ट एनडी तिवारी सरकार में परिवहन मंत्री भी रहे। हीरा सिंह बिष्ट कई सालों से इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे और मजदूरों के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। उन्होंने मलिन बस्तियों के निवासियों की आवाज बुलंद की। हीरा सिंह बिष्ट राज्य गठन से पहले और बाद में प्रदेश कांग्रेस संगठन में अहम पदों पर काबिज रहे। वहीं उनका पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कांग्रेस पार्टी को समर्पित रहा।









