नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से मध्य दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बंद रहे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार, ये स्टेशन सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर ‘इंटरचेंज’ (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।
यह पाबंदी जंतर-मंतर पर पिछले कुछ दिनों से जारी कॉजपा के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में लागू कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच लगायी गई है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं।
मेट्रो बंद होने से लोगों की काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्वी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और द्वारका से आने-जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ज्यादातर यात्रियों का कहना है कि उनका दैनिक सफर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है।









