नई दिल्लीः आज दिल्ली में बड़ा हंगामा बरपा है।पीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अखिलेश यादव भी अपने सांसदों के साथ राहुल गांधी को समर्थन देने पहुंचे हुए थे। तीनों नेताओं को पुलिस जबरन उठाकर थाने ले गई।
पुलिस ने पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत में लिया। प्रियंका गांधी लगातार बस के गेट पर खड़ी रहीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस के अंदर करने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं मानी फिर तीन चार महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ा और गेट पर खड़े खड़े ही उन्हें डिटेन करके ले जाया गया।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा, “वे डरपोक हैं। वे डरे हुए हैं। हम उनसे नहीं डरते। वे हमसे डरते हैं।”
हिरासत में लिए जाने के बाद अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री की ज़िम्मेदारी है कि वे छात्रों की मांगें सुनें। वे उनकी मांगें क्यों नहीं मान रहे हैं?”










