देहरादून: सीएम धामी ने शुक्रवार को युवाओं से संवाद किया। सीएम धामी ने देहरादून में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। देहरादून में आज राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करने वाले हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी ने भी युवाओं से संवाद किया।
इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश गति से आगे बढ़ रहा है। 2014 के बाद से देश में नये काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा किसी भी राज्य की प्रगति में विकास और स्थिरता जरूरी होती है।
पेपरलीक मामलों पर बोले धामी: युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में सीएम धामी ने पेपरलीक का भी जिक्र किया। धामी ने कहा एनडी तिवारी सरकार के समय दरोगा, पटवारी भर्ती पेपरलीक हुआ। इसके बाद भी कांग्रेस की सरकारों में कई पेपरलीक हुये जिसमें कांग्रेस सरकार ने कोई भी कार्रवाई नहीं की थी।
उन्होंने कहा उनकी सरकार के समय में ऐसे मामलों में एक्शन हुआ है। सीएम धामी ने कहा आज राज्य में बिना पर्ची और खर्ची के राज्य के युवाओं को नौकरी मिलती है। उन्होंने कहा कांग्रेस के शासनकाल में नकल माफिया के बच्चों का चयन होता था लेकिन आज के दिनों में आम बेटे – बेटियों की भी सरकारी नौकरी लग रही है।
सीएम धामी ने कहा कि अग्निवीरों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा आने वाले दिनों में उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए स्पेशल सेल स्थापित किया जाएगा। सीएम धामी ने कहा अग्निवीरों के लिए सभी राज्यों की सरकारें काम कर रही हैं।
सीएम धामी ने कहा हमारी सरकार युवाओं को प्रदेश के विकास का सबसे सशक्त आधार मानते हुए उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम धामी ने कहा इस उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है। हमारी सरकार युवाओं के लिए काम करती रहेगी।









