ओडिशा: रायरंगपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के राज में पूर्वी भारत पिछड़ा रहा और अब यह प्रगति और विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है। ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में 47,600 करोड़ रुपये से ज़्यादा के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और कल्याणकारी योजनाएं गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ओडिशा के संसाधनों को नयी संभावनाओं में बदल रही है और राज्य को लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। 3.5 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के कई मेगा प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है।आने वाले सालों में हम इन कोशिशों के नतीजे देखेंगे।
पीएम मोदी ने कहा, “डबल इंजन सरकार की खास बात यह है कि यह जनता तक पहुंचती हैं, इसी का नतीजा है कि आज युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता की उम्मीदें पूरी हो रही हैं। डबल इंजन की ताकत से आज यहां हर तरफ विकास हो रहा है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आने वाले समय में हमारे सामने दो ज़रूरी पड़ाव हैं। 2036 में ओडिशा अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मनाएगा, और 2047 में भारत अपनी आज़ादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा। इसका मतलब है कि ओडिशा और देश के लक्ष्य एक ही दिशा में हैं। “अगर ओडिशा की इकॉनमी मज़बूत होगी, तो भारत भी मजबूत होगा।”
उन्होंने कहा, “आदिवासी समुदाय को आगे बढ़ाने के लिए, हम आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोज़गार के मौकों से जोड़ रहे हैं… देश भर में लगभग 500 एकलव्य स्कूल खोले गए हैं।लगभग 750 मॉडल स्कूलों को मंज़ूरी दी गई है। प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक स्तर पर 1.5 करोड़ से ज़्यादा आदिवासी बच्चों को सैकड़ों करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप दी गई है… यहां मयूरभंज में एक और नवोदय विद्यालय बनाने की भी मंज़ूरी दी गई है।”









