देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी।
एक साल में तीसरी बार देहरादून दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह एक वर्ष के भीतर देहरादून का तीसरा दौरा है। इससे पहले जून 2025 में उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का लोकार्पण किया था, जबकि नवंबर 2025 में राष्ट्रपति निकेतन में हार्स एरिना और मुख्य मार्ग पर बने फुटओवर ब्रिज का उद्घाटन करने देहरादून आई थीं।
IMA की पासिंग आउट परेड में रहेंगी मुख्य अतिथि
शनिवार को राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वह परेड का निरीक्षण करेंगी और देश-विदेश के जेंटलमैन कैडेट्स को संबोधित भी करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।









