तिरुवनंतपुरम :कई दिनों से कांग्रेस में चल रहे घमासान के बाद आखिरकार केरलम के सीएम का नाम फाइनल कर लिया गया है। वीडी सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लग गई ।
केरलम में UDF की बड़ी जीत के बाद पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर लगातार बैठकों और मंथन का दौर चल रहा था। राहुल गांधी ने इस पूरी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई और कई वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की। तिरुवनंतपुरम में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में आखिरकार सतीशन के नाम पर औपचारिक मुहर लग गई।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने सतीशन पर भरोसा जताया और कांग्रेस हाईकमान ने उनके नाम का ऐलान कर दिया।
कौन हैं वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन, केरल की परवूर सीट से 2001 से लगातार विधायक हैं। वह, 2021 में केरल में रमेश चेन्निथला की जगह नेता प्रतिपक्ष बने थे। 2021 से 2026 तक उन्होंने विधानसभा में विपक्ष की आवाज उठाकर मजबूत नेता की पहचान बनाई।







