मुंबई: राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी अगर राहुल गांधी से बात कर लेती तो आज नतीजे कुछ और होते। साथ ही उन्होंने कहा कि ममता ने राहुल से बात न करके अपराध किया है।अगर राहुल के साथ ममता दीदी बैठकर चर्चा करतीं तो नतीजा कुछ और होता।
उन्होंने कहा कि बंगाल की जीत लोकतंत्र की नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जीत है।उन्होंने कहा कि मोदी-शाह को किसी भी तरह से ममता बनर्जी को हराना था, तो उन्होंने पाप से हरा दिया। राउत ने कहा कि दीया बूझने से पहले फड़फड़ाता है, भाजपा का भी यही होने वाला है।
संजय राउत ने ममता बनर्जी का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि मन से हारना और चुनाव हारना, दोनों अलग-अलग बिंदु हैं। बेशक ममता बनर्जी को चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उनका हौसला अभी टूटा नहीं है।
संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के लिए किसी भी सूरत में पश्चिम बंगाल चुनाव जीतना आसान नहीं था, लेकिन यह बात किसी से छुपी नहीं है कि सिर्फ पश्चिम बंगाल में जीत का परचम लहराने के लिए भाजपा और चुनाव आयोग के बीच गठबंधन हुआ था और मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि यह इसी गठबंधन का नतीजा है कि आज की तारीख में भाजपा पश्चिम बंगाल में अपना जीत का झंडा बुलंद करने में सफल हो पाई है।








