नई दिल्ली: बीजेपी स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक वीडियो संदेश में कहा कि देश की जनता में बीजेपी का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया और पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी।
पीएम मोदी ने कहा- ‘बीजेपी एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं। इसलिए पार्टी का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं होता है। ये हम सब कार्यकर्ताओं के लिए एक भावुक अवसर होता है।
ये दिन हमें पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है कि पार्टी ने हमें राष्ट्रसेवा का सौभाग्य दिया। मैं देशभर के कोटि कोटि भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा को समर्थन करने वाले मेरे देश के सभी नागरिकों को भाजपा स्थापना दिवस की बहुत बहुत बधाई देता हूं।’
पीएम मोदी ने कहा कि आज बीजेपी जिस शिखर पर है, उसकी चमक सबको दिखती है, लेकिन यहां तक पहुंचने में लाखों कार्यकर्ताओं की जो मेहनत है, उन्होंने तप, त्याग की पराकाष्ठा की है, ये वही जान सकता है, जो इस पार्टी के संकल्पों के लिए समर्पित होकर स्वयं इस साधना का हिस्सा रहा है।
इस मौके पर पीएम मोदी ने बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनायें दी। 6 अप्रैल 1980 को गठित भाजपा ने देश की राजनीति में एक लंबा सफर तय किया है। इस मौके पर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं और देशवासियों को शुभकामनाएं दी गई है।पीएम मोदी ने इस मौके पर देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि हमारी पार्टी हमेशा ‘इंडिया फर्स्ट’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है।भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो अपने दृष्टिकोण के केंद्र में जनकल्याण को रखती है।










