देहरादून: राजधानी देहरादून में हाल के दिनों में सामने आई रोड रेज, फायरिंग और गोली लगने से एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत की घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य सचिव ने शहर में बढ़ रही हुड़दंग और रोड रेज की घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि पीक ऑवर के दौरान विशेष रूप से पेट्रोलिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। इसके साथ ही डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी बढ़ाने को कहा गया है।
साथ ही बार और रेस्टोरेंट के तय समय पर बंद होने के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
वीकेंड पर सख्ती से होगी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने कहा कि वीकेंड के दौरान देहरादून को पार्टी और हुड़दंग का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बार संचालकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और समय पर प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
किरायेदार और पीजी में रहने वाले लोगों का सत्यापन भी करने को कहा गया है।बैठक में यह भी कहा गया कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे खुलने के बाद वीकेंड पर शहर में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है।








