नालंदा: बिहार के नालंदा में आज यानि मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। शीतला मंदिर में सुबह-सुबह अचानक भगदड़ मच गई। मंदिर में हुई भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि, कई घायल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोग मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही को लेकर नाराज हैं। दीपनगर थाना पुलिस, सदर डीएसपी और एसडीएम की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। फौरन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया के चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में लगभग 25000 से अधिक लोगों की भीड़ एकत्रित हुई थी। यह घटना अचानक किसी शख्स के शोर मचाने से हुई है, जो अपने परिवार को आवाज दे रहे थे, इसी पर हंगामा हुआ और भगदड़ मच गई। मरने वालों में सभी महिलाएं हैं।
पटना से दर्शन के लिए आईं श्रद्धालु ममता देवी ने बताया कि मंगलवार को यहां हमेशा भीड़ रहती है, लोग माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से आते हैं, लेकिन इस बार भीड़ अनियंत्रित हो गई और कुप्रबंधन की वजह से हादसा हो गया।










