देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सोमवार सुबह ओवरटेकिंग के विवाद में हिंसक घटना हुई है। एक कार सवारों द्वारा दूसरी कार पर की गई फायरिंग की कीमत एक निर्दोष शख्स को चुकानी पड़ी। मामूली विवाद में हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की मौत हो गई। जिस शख्स की मौत हुई है, वो आर्मी से रिटायर्ड ब्रिगेडियर हैं। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।जिसका खामियाजा एक निर्दोष राहगीर को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा। मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। आरोपियों द्वारा कार रोकने के लिए चलाई गई गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी. उस व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में बदल गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें फ़ौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार: वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि-
जोहड़ी गांव के पास ओवरटेकिंग और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-प्रमेंद्र डोभाल, एसएसपी, देहरादून-










