नई दिल्ली : कांग्रेस ने अगले महीने दो चरण में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 284 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है।
कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मौसम नूर को मालतीपुर से मैदान में उतारा है। कांग्रेस राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ रही है और उसने पहली ही सूची में 284 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।
कांग्रेस ने दार्जिलिंग से मधप राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दम दम से सुस्मिता विश्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतंडी को मैदान में उतारा है।
इस बार कांग्रेस अपने सीनियर नेताओं को भी विधानसभा चुनाव में उतार रही है। ऐसे में अधीर रंजन चौधरी को लंबे समय बाद विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है। वह लगभग 30 साल बाद विधायक का चुनाव लड़ेंगे। उन्हें बहरामपुर से टिकट दिया गया है।
ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट से कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को टिकट दिया है। वहीं, बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी को ममता के खिलाफ खड़ा किया है। ऐसे में यहां पर ममता बनर्जी, सुवेंदु अधिकारी और प्रदीप प्रसाद के बीच त्रिकोणीय लड़ाई हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। चुनाव के नतीजे 4 मई को जारी होंगे।










