PM मोदी ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, कहा- “ये नौजवानों के भविष्य को उड़ान देगा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को जेवर में एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन मैंने नहीं बल्कि आप लोगों ने किया है। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट भी ऑन करने को कहा। पीएम मोदी ने कहा, “यहां उपस्थित हर व्यक्ति आज इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है। ये आपका भविष्य है। ये आपका पुरुषार्थ है और इसलिए उसका उद्घाटन भी आपके हाथों से हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।

पीएम ने कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, “नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं।” मैंने कहा, “मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। ” आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

पीएम मोदी ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर कहा, “देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। आज मेरे लिए प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो यह है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था। और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया। दूसरा जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ेगा।

पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था, लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का ये एयरपोर्ट डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।

इस एयरपोर्ट को वाजपेई जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में आप में से बहुत लोग होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरू के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा एनडीए की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये भी हो गया है।”

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial