भूपेन बोरा 22 फ़रवरी को बीजेपी में होंगे शामिल, राहुल के मनाने के बाद भी नहीं माने, सीएम हिमंत बिस्वा ने घर जाकर की मुलाक़ात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा के भाजपा जॉइन करने की अटकलों पर आखिरकार मुहर लग गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार शाम बोरा के घर जाकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद CM ने बोरा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि वे 22 फरवरी को पार्टी की सदस्यता लेंगे।

बोरा ने एक दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा। बोरा ने अपने इस्तीफे में लिखा था कि उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से नजरअंदाज किया जा रहा है।

कांग्रेस के नेता रहे भूपेन कुमार बोरा ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। कुछ ही घंटों में कांग्रेस की राज्य इकाई के नेता उनके घर पहुंच गए। असम कांग्रेस के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि भूपेन बोरा ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है और राहुल गांधी ने भी उनसे बात की है। एक बार को लगा कि बात बन गई और भूपेन बोरा मान गए। अब मंगलवार को भूपेन बोरा ने कहा है कि वह किसी पार्टी में नहीं हैं और उन्हें 6 राजनीतिक दलों की ओर से ऑफर है। सोमवार को ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी भूपेन को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था।

भूपेन बोरा ने कहा था कि वे इस्तीफे पर मंगलवार को अंतिम निर्णय लेंगे। बोरा ने कहा- 32 साल बाद मैंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है। अब समय लेकर सोचने की आवश्यकता है। कई वरिष्ठ नेताओं और साथी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे सभी पहलुओं पर विचार करने को कहा है।

हिमंता ने बोरा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा में शामिल होने से भोरा सच्ची छवि बनेगी। भूपेन बोरा के साथ गुवाहाटी और उत्तरी लखीमपुर में कांग्रेस के कई नेता 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे।

हिमंता ने कहा- कांग्रेस अब असमिया लोगों की पार्टी नहीं रही। पार्टी चुनाव जीतने के लिए संघर्ष नहीं कर रही है। कोई भी सच्चा कांग्रेसी इस बात से दुखी होगा। मैंने भी यही दर्द सहा है। जब मैं भाजपा में शामिल होने गया था, तब मुझे भी ऐसे फोन आते थे। ये लोग सामंतों की तरह जीते हैं। उन्हें लगता है कि एक फोन करने से फैसला बदल जाएगा।

असम CM ने आगे कहा- भूपेन बोरा को भाजपा में पूरा सम्मान और गरिमा दी जाएगी। भाजपा में शामिल होना उनके लिए घर वापसी जैसा होगा क्योंकि यह एक ऐसी पार्टी है जिसमें उनके जैसे कई लोग हैं, जिनके पिता किसी उच्च पद पर नहीं रहे।

गौरव गोगोई ने बोरा को मनाने की कोशिश की थी

बोरा को मनाने के लिए पूर्व असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और नेता विपक्ष देबाब्रत सैकिया सोमवार को उनके निवास पहुंचे थे। गौरव गोगोई ने उनसे माफी तक मांगी थी।

गौरव गोगोई ने बोरा से मुलाकात के बाद कहा कि भूपेन पार्टी के लिए एक मजबूत स्तंभ हैं। हमेशा राज्य में नकारात्मक ताकतों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। अगर उन्हें किसी मुद्दे से आघात पहुंचा हो, तो मैं छोटे भाई के रूप में उनसे माफी मांगता हूं।

असम में 126 विधानसभा सीटों पर मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। भूपेन बोरा राज्य में कांग्रेस के बड़े नेता थे। वे 2021 से 2025 तक असम कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और दो बार विधायक रह चुके हैं।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial