नई दिल्लीः लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फरवरी को ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार इस इवेंट में स्पीकर का शामिल होना भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और पक्की दोस्ती को दिखाता है.
विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए लिखा है कि “एक जैसे इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसियों के तौर पर, भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार के आने का स्वागत करता है, जिनके विज़न और मूल्यों को लोगों का भारी समर्थन मिला है.”
बांग्लादेश के दैनिक समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार, प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था. भारतीय मीडिया रिपोर्टस के अनुसार 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी पूर्व-निर्धारित द्विपक्षीय बैठक है. इसके अलावा दिल्ली में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ भी है. इस कारण वे इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे.
बांग्लादेश ने भारत के अलावा चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान को इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा है. नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी मंगलवार दोपहर को राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.
बता दें कि 12 फरवरी 2026 को बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने 300 सीटों वाली संसद में 209 सीट जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है. वहीं, ‘जमात-ए-इस्लामी’ गठबंधन मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरा है. लंबे समय तक सत्ता में रहीं नेता शेख हसीना को 2024 के बड़े जन-आंदोलनों के बाद हटाए जाने के बाद, यह पहला चुनाव था.










