एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की नई डिप्टी सीएम बन गई हैं.आज ही उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया था।
सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम के पद पर काबिज़ होने वाली पहली महिला हैं. उन्होंने शाम पांच बजे मुंबई के लोक भवन में शपथ ली. उन्हें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद की शपथ दिलाई.लोकभवन में हुए बेहद संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में सुनेत्रा पवार ने शपथ ली। इस दौरान गमगीन माहौल में ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारे भी लगे।
डिप्टी सीएम अजित पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया था और उनके निधन के बाद ये पद ख़ाली हुआ था.
महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दीं।
मैं पूरी ताकत से काम करूंगी- सुनेत्रा पवार
डिप्टी सीएम बनने पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता और सभी सहयोगियों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करती हूं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथियों ने मुझ पर जो विश्वास रखा है, उस पर खरा उतरने के लिए मैं पूरी क्षमता से कार्य करूंगी, यह वचन देती हूं.”
वहीं एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने संकेत दिया कि एनसीपी (शरद पवार गुट) के साथ विलय पर फैसला सुनेत्रा पवार ही लेंगी। उन्होंने कहा, आज हमारा काम नया नेता चुनना था। इस मुद्दे पर फैसला नेता ही करेंगे। एनसीपी विधायक संग्राम जगताप ने भी कहा कि विलय को लेकर निर्णय पार्टी नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा।
सुनेत्रा पवार के उप-मुख्यमंत्री बनने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है. उनका चुनाव और शपथ ग्रहण सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि पार्टी की नई सियासी दिशा और नेतृत्व का संकेत भी है. अजित पवार के निधन के बाद पार्टी ने तेजी से निर्णय लिया और एकजुटता दिखाते हुए सुनेत्रा पवार को नेतृत्व सौंपा. अब बारामती सीट पर उपचुनाव और नई जिम्मेदारियों के साथ वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी भूमिका निभाने जा रही हैं.










