नई दिल्ली- बजट सत्र 2026 का आज दूसरा दिन है। लोकसभा में आज इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस आर्थिक सर्वेक्षण को सदन में पेश करेंगी। इकोनॉमिक सर्वे हर साल बजट के आने से एक दिन पहले पेश किया जाता था, लेकिन इस बार यह 2 दिन पहले लोकसभा में पेश होने वाला है।
आर्थिक सर्वे पेश होने से पहले PM मोदी मीडिया से रूबरू हुए। पीएम मोदी ने कहा कि हमें विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना है। मदर ऑफ ऑल डील इसमें बहुत अहम है। बाजार खुल गए हैं और अब हमें उत्तम से उत्तम क्वालिटी का सामान बनाना है। आत्मविश्वास से भरा भारत, दुनिया के लिए उम्मीद की किरण है।
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 साल बेहद अहम हैं। 27 देशों में भारत के लिए बाजार खुल गए हैं, इसीलिए मदर ऑफ ऑल डील बहुत अहम है। आत्मनिर्भर भारत के लिए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट जरूरी है। इस डील से युवाओं को बेहतर मौके मिलेंगे। लॉन्ग टर्म पेंडिंग प्रॉब्लम अब पुरानी बात है। हमारी सरकार ने जो फैसले किए हैं वो सब फैसले जनहित में हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज जिस प्रकार से देश आगे बढ़ रहा है, आज समय व्यवधान का नहीं है, आज समय समाधान का है। आज प्राथमिकता व्यवधान नहीं है, आज प्राथमिकता समाधान है। आज भूमिका व्यवधान का रोना रोने का नहीं है, आज भूमिका समाधान ढूंढने और उन्हें जमीन पर उतारने का है।
पीएम मोदी ने कहा कि कोई हमारी कितनी भी आलोचना करे, लेकिन एक बात हर कोई कहता है कि सरकार ने लास्ट माइल डिलिवरी पर बल दिया है योजना फाइल तक नहीं, लाइफ तक पहुंचाने का प्रयास रहता है। इसी परंपरा को हम रिफॉर्म एक्सप्रेस में नेक्स्ट जेनरेशन के रिफॉर्म में आगे बढ़ाने वाले हैं।










