लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राजभवन का नाम अब आधिकारिक तौर पर जन भवन हो गया है. राज्यपाल के आधिकारिक आवास और संबंधित सूचना विभाग से जारी सामग्री में ‘राज भवन’ की जगह ‘जन भवन’ का उपयोग शुरू कर दिया गया है. साथ ही, राजभवन के आधिकारिक मीडिया ग्रुप का नाम भी ‘जन भवन’ कर दिया गया है.
यह बदलाव केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में किया गया है, जिसका उद्देश्य राज्यपालों के आवासों के नामकरण में एकरूपता लाना और ‘राज’ शब्द के बजाय जन-केंद्रित शब्दावली को बढ़ावा देना है. कुछ राज्यों में राजभवन का नाम लोक भवन किया गया है मगर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के कार्यालय का नाम पहले से ही लोक भवन है इसलिए राज भवन को जन भवन के तौर पर नाम दिया गया है.
केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों में राज्यपाल भवनों के नाम ‘राज भवन’ से बदलकर ‘जन भवन’ या ‘लोक भवन’ जैसे शब्दों में परिवर्तित करने की पहल की है. उत्तर प्रदेश में यह परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. राज्य के सूचना विभाग और राज्यपाल कार्यालय ने नोटिफिकेशन जारी कर सभी शासकीय एवं वैधानिक दस्तावेजों, संचार माध्यमों में ‘जन भवन’ का प्रयोग अनिवार्य कर दिया है.










