अंबाला/कुरुक्षेत्र : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग दी. हालांकि राहुल गांधी ने मीडिया से आज दूरी बनाए रखी और पत्रकारों से बात किए बगैर ही वे कुरुक्षेत्र से शाम को रवाना हो गए.
राहुल गांधी सबसे पहले हरियाणा में अंबाला कैंट एयर फोर्स स्टेशन पहुंचे. वहां पर पूर्व मुख्य मंत्री और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फूलों के गुलदस्ते के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद सड़क मार्ग से राहुल गांधी कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो गए. अंबाला सैनिक रेस्ट हाउस के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में राहुल गांधी का स्वागत किया और इस दौरान राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे. राहुल गांधी ने अपना काफिला रोककर कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी स्वीकार किया.
राहुल गांधी ने इस दौरान पंजाबी धर्मशाला में चल रहे संगठन सृजन अभियान ट्रेनिंग कैंप में हरियाणा के 32 जिलाध्यक्षों और उत्तराखंड के 27 जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग दी. राहुल गांधी की मौजूदगी में करीब 3 घंटे तक ट्रेनिंग सेशन चलता रहा. इस दौरान सभी को कांग्रेस का पूरा इतिहास और देश की आजादी में कांग्रेस की भूमिका के बारे में उन्हें बताया गया. ट्रेनिंग के दौरान जिला अध्यक्षों के अलावा किसी और नेता की मौजूदगी नहीं रही. बाकी नेताओं को इस दौरान एक अलग कमरे में बैठाया गया. राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए पंजाबी धर्मशाला में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला समेत कांग्रेस के कई नेताओं की मौजूदगी रही.
कांग्रेस के इस ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत 13 जनवरी से हुई थी और 22 जनवरी को इसका समापन हो जाएगा. हालांकि मीडिया को यहां एंट्री नहीं दी गई. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी के सदस्यों को ही वहां एंट्री की इजाजत थी।










