नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात की . यह उनका 129वां एपिसोड है. प्रधानमंत्री ने 2025 की उपलब्धियों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि 2025 ने ऐसे कई पल दिये जिसपर देश को गर्व है. ऑपरेशन सिंदूर देश का गर्व बना.
मन की बात के 129वें एडिशन में पीएम मोदी ने कहा, ‘इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया. दुनिया ने साफ देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया के हर कोने से भारत माता के प्रति प्रेम और भक्ति की तस्वीरें सामने आई. यही भावना ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर भी देखी गई.’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘2025 स्पोर्ट के लिहाज से भी एक यादगार साल रहा. हमारी मेन्स क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती. विमेंस क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप जीता. भारत की बेटियों ने विमेंस ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया. वर्ल्ड चैंपियनशिप में कई मेडल जीतकर पैरा-एथलीट्स ने साबित कर दिया कि कोई भी रुकावट पक्के इरादे को नहीं रोक सकती.’
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘भारत ने साइंस और स्पेस के क्षेत्र में भी बड़ी छलांग लगाई है. शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचने वाले पहले भारतीय बने. 2025 में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी कई पहल भी हुई. भारत में चीतों की संख्या अब 30 से ज्यादा हो गई है.’
पीएम मोदी आस्था, संस्कृति पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा,’ ‘आस्था, संस्कृति और भारत की अनोखी विरासत, सब 2025 में एक साथ दिखे. साल की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. साल के आखिर में अयोध्या में राम मंदिर में झंडा फहराने की रस्म ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया.’










