दिल्ली में कल से शुरू होंगी अटल कैंटीन, 100 जगहों पर मिलेगा सिर्फ 5 रुपये में भरपेट खाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: दिल्ली में गरीबों, श्रमिकों और आम नागरिकों के जीवन में राहत लाने के उद्देश्य से सरकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर 25 दिसंबर को अलग-अलग सौ स्थानों पर “अटल कैंटीन” शुरू करने जा रही है. यह पहल वर्ष 2025 के विधानसभा चुनावों के अंतर्गत जारी दिल्ली सरकार के मैनिफेस्टो के एक प्रमुख वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है.

मैनिफेस्टो में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि दिल्ली में लाखों लोग ऐसे हैं जो आर्थिक तंगी के कारण दिन या रात को बिना भोजन के रहते हैं. ऐसे ज़रूरतमंद और आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना दिल्ली सरकार की ज़िम्मेदारी है. इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए रेखा सरकार ने दिल्ली भर में अटल कैंटीन खोलने की योजना तैयार की है.

दिल्ली की सभी विधानसभाओं में DUSIP की ज़मीनों और अन्य सरकारी स्थलों पर अटल कैंटीन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इन कैंटीनों का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किया जाएगा. शाहदरा विधानसभा में 2, रोहताश नगर विधानसभा में 2, गोंडा विधानसभा में 2 और गांधी नगर विधानसभा में 2 अटल कैंटीन खोली जा रही है. आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ाने की भी पूरी योजना तैयार है, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि “अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी, जहां किसी नागरिक को भूखा नहीं रहना पड़ेगा. यह योजना अटल जी के गरीबों के प्रति गहरे प्रेम और संवेदना को समर्पित है. अटल जी हमेशा कहते थे कि ‘गरीबी केवल आर्थिक नहीं, बल्कि अवसरों की कमी भी है.’ अटल थाली योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली का कोई भी नागरिक भूखा न सोए.”
 अटल कैंटीन में दाल-चावल, सब्जी और रोटी वाली पौष्टिक थाली परोसी जाएगी. इस कैंटीन में लोगों को मात्र 5 रुपये में स्वच्छ, गरम और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. कैंटीन में हर सुबह और शाम 500-500 थालियां मिलेंगी. दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के जरिए रोजाना एक लाख लोगों को सस्ता और अच्छा भोजन उपलब्ध कराया जाए.
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial