मध्य प्रदेश SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 42 लाख 74 हजार 160 लोगों के कटे नाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल: चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश में एसआईआर (Special Intensive Revision) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसमें मध्य प्रदेश की मतदाता सूची में दर्ज 42 लाख 74 हजार 160 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं. यह वह मतदाता हैं, जो मृत हैं, एसआईआर के दौरान निवास पर नहीं मिले या फिर दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं या फिर कई स्थानों पर जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज पाए गए हैं. अब आज से प्रदेश में 8 लाख 65 हजार 832 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे. इनमें इंदौर में सबसे ज्यादा 1 लाख 33 हजार 696 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे.

मुख्य चुनाव पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने एसआईआर की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करते हुए बताया कि “SIR की प्रक्रिया के दौरान बीएलओ द्वारा कम से कम तीन बार मतदाता के संबंधित पतों पर जाकर संपर्क किया गया. इसके बाद अब एसआईआर की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है. पिछली मतदाता सूची में से 5.31 करोड़ यानी 92.55 फीसदी मतदाता एसआईआर में लिंक हो गए हैं. वहीं 42 लाख 74 हजार 160 मतदाताओं के मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं.

इनमें मृत मतदाताओं की संख्या 8 लाख 46 हजार 184 हैं. जबकि एसआईआर के दौरान 8 लाख 42 हजार 677 मतदाता पंजीकृत पते पर नहीं पाए गए. इसी तरह 22 लाख 78 हजार 393 मतदाता दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं. कई स्थानों पर एनरोल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 76 हजार 961 पाई गई है. जबकि 29 हजार 927 अन्य मतदाता हैं.

जबलपुर में सबसे ज्यादा मृत मतदाता मिले

एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान जबलपुर में सबसे ज्यादा 51 हजार 354 मतदाता मृत पाए गए हैं. इनका नाम मतदाता सूची से हटाया गए. इसके अलावा इंदौर में 43 हजार 741 मृत मतदाता और सागर में 36 हजार 467 मृत मतदाताओं के नाम काटे गए.

इंदौर में सबसे ज्यादा पते पर नहीं मिले मतदाता

SIR प्रक्रिया के दौरान इंदौर में 1 लाख 75 हजार 424 मतदाता निर्धारित पते पर नहीं मिले. इसके बाद इनके नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं. इसी तरह भोपाल में 1 लाख 1 हजार 53 मतदाता, जबलपुर में 66 हजार 678 मतदाता नहीं मिले.

एसआईआर प्रकिया के दौरान भोपाल में सबसे ज्यादा 2 लाख 86 हजार 661 मतदाता शिफ्टेड पाए गए. जिनका नाम ड्राफ्ट वोटर सूची से हटाया गया है. इसी तरह इंदौर में 1 लाख 57 हजार 898, ग्वालियर में 1 लाख 48 हजार 273 शिफ्टेड वोटर पाए गए हैं.

ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में है और जिन्होंने एसआईआर में अधूरा फॉर्म भरा है, ऐसे सभी मतदाताओं को अब नोटिस जारी किए जाएंगे. ऐसे मतदाताओं की संख्या 8 लाख 65 हजार 832 है. ऐसे सभी मतदाताओं के रजिस्टर्ड पते पर बीएलओ नोटिस लेकर जाएंगे और उन्हें नोटिस दिया जाएगा. इसके बाद संबंधित मतदाताओं को 23 दिसंबर से लेकर 22 जनवरी तक चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित किए गए दस्तावेज या फिर अन्य दस्तावेज के साथ अपना पक्ष एईआरओ के सामने उपस्थित होकर पेश करना होगा.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial