मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत में स्थित झूला देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले उन्होंने ताड़ीखेत को 77 करोड़ रुपए की 31 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत में स्थित झूला देवी मंदिर में सम्पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर आदिशक्ति मां भगवती से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं राज्य की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान सीएम धामी ने जनता की समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा भी उपस्थित थे।
इससे पहले सीएम धान ने ताड़ीखेत में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार ‘प्रशासन गांव की ओर, बहुउद्देशीय शिविर’ में 77 करोड़ रुपए की लागत से 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।










