अंडर-19 एशिया कप फाइनल मुक़ाबले में पाकिस्तान ने भारत को हरा दिया है। पाकिस्तान ने रविवार, 21 दिसंबर को दुबई के ICC एकेडमी ग्राउंड में भारत को 191 रनों से हराकर दूसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया है. पाकिस्तान का 2012 में भारत के साथ ट्रॉफी शेयर करने के बाद ये उसका दूसरा खिताब है. पाकिस्तान की तरफ से समीर मिन्हास ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और 172 रनों की पारी खेली. जबकि गेंद से अली रजा ने पाकिस्तानी टीम के लिए चार विकेट लिए।
फाइनल मैच की बात करें तो इंडिया U19 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया, जिसमें समीर मिन्हास ने मोर्चा संभालते हुए 113 गेंदों में 172 रन बनाए. अहमद हुसैन ने 56 रनों का योगदान दिया, लेकिन मिन्हास ने अपनी शानदार पारी से सबका ध्यान खींचा. समीर ने अपनी तूफानी पारी में 17 चौके और नौ छक्के लगाए. भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 83 रन देकर तीन विकेट लिए.
भारत टूर्नामेंट के फाइनल में 347 के बड़े लक्ष्य का पीछा करने के दबाव में आ गया और 26.2 ओवर में ही 156 रन पर ऑल आउट हो गया. टीम लगातार विकेट गंवाती रही और पारी की शुरुआत में ही 68 पर अपने पांच विकेट खो दिए. देवेंद्रन ने 16 गेंदों में 36 रनों की पारी खेलकर कुछ हिम्मत दिखाई, लेकिन उनके प्रयास बेकार गए और यह मुकाबला 191 रनों के बड़े अंतर से हार गए. भारतीय युवा टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय थी लेकिन फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।










