उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने राज्य में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है. बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार वर्ष 2026 की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से प्रारंभ होकर 15 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी. तिथियों को सभापति की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद अनुमोदन मिल गया है.
बोर्ड सचिव ने बताया कि राज्य के कुछ विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश को ध्यान में रखते हुए प्रयोगात्मक परीक्षाओं की अवधि पूरे एक महीने की रखी गई है, ताकि सभी विद्यालयों में परीक्षाओं का सुचारू और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जा सके. इसके साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए परीक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
परीक्षार्थियों की संख्या की बात करें तो इस साल हाईस्कूल मेंल् करीब 1 लाख 12 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट में लगभग 1 लाख 3 हजार परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए बोर्ड ने पहले से ही तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो.










