लखनऊ: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा T20I मैच घने कोहरे के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द करना पड़ा. भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अंपायरों ने टॉस में देरी की और पांच बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन खराब विजिबिलिटी के कारण रात 9:30 बजे मैच आखिरकार रद्द कर दिया गया.
क्रिकेट के इतिहास में ऐसा दूसरी बार ही हुआ जब घने कोहरे की वजह से मैच को रद्द करना पड़ा. इससे पहले 1998 में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे का एक टेस्ट मैच, जो फैसलाबाद में खेला जाने वाला था वो घने कोहरे की वजह से रद्द कर दिया गया था.
चौथा टी20 मैच रद्द होने से स्टेडियम में मौजूद फैंस काफी निराश हुए. उनका मानना था कि उत्तरी और मध्य भारत में सर्दियों के मौसम में विजिबिलिटी की समस्या से बचने के लिए मैच दोपहर में शेड्यूल किया जाना चाहिए था. स्टेडियम में कोहरा इतना घना था कि दर्शक दूसरी तरफ के स्टैंड्स को मुश्किल से देख पा रहे थे.
बता दें कि पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-1 से आगे है और अब वो सीरीज नहीं हार सकता. सीरीज का फाइनल मैच शुक्रवार, 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
मैच रद्द होने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट करके सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक पहुंच गया है. इसीलिए लखनऊ में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं हो पा रहा है. दरअसल इसकी वजह कोहरा या फॉग नहीं, स्मॉग है. हमने जो पार्क लखनऊ की शुद्ध हवा के लिए बनवाए थे, भाजपा सरकार वहां भी इंवेटबाजी करवाकर उन्हें बर्बाद करना चाहती है. भाजपाई न इंसान के सगे हैं, न पर्यावरण के. मुंह ढक लीजिए कि आप लखनऊ में हैं.’










