नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस की उड़ाने कैंसिल होने के बाद हवाई किराए में भारी उछाल आया है. इस बीच, केंद्र सरकार ने विमानन कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों से मनमाने ढंग से किराए न वसूलें. सरकार ने एयरलाइंस को किराए की तय लिमिट का पालन करने का निर्देश दिया है.
शनिवार को इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से हवाई किराए में भारी उछाल के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दखल दिया क्योंकि यात्री दूसरे विकल्प ढूंढ रहे है. मंत्रालय ने सभी प्रभावित रूट्स पर सही और वाजिब किराया सुनिश्चित करने के लिए अपनी नियामकीय शक्तियों का इस्तेमाल किया.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कुछ विमानन कंपनियों द्वारा वसूले जा रहे अंधाधुंध हवाई किराए से जुड़ी चिंताओं को गंभीरता से लिया है और सभी एयरलाइनों को आधिकारिक निर्देश जारी किया गया है जिसमें अब तय की गई हवाई किराए की लिमिट का सख्ती से पालन करने को कहा गया है. मंत्रालय के मुताबिक, ये लिमिट तब तक लागू रहेंगी जब तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती.
शनिवार को देश भर में इंडिगो एयरलाइंस की 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं और ऑपरेशनल संकट का यह 5वां दिन है. इंडिगो ने कहा है कि ये रुकावटें कई ऑपरेशनल चुनौतियों की वजह से हैं, जिसमें फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) का रोलआउट भी शामिल है. यह नियम सुनिश्चित करता है कि पायलट और क्रू को उड़ानों के बीच काफी आराम मिले, जिससे इंडिगो के बड़ी संख्या में पायलटों को उसी समय आराम करना पड़ा जब एयरलाइन ने 26 अक्टूबर को अपना विंटर शेड्यूल बढ़ा दिया था.










