पटना : राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पहले चरण में बिहार के 23 जिलों में ‘वोटर अधिकारी यात्रा’ निकाली गई थी. इस दौरान विपक्ष ने जनता से सीधा संवाद कर जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की थी. लेकिन अब तेजस्वी फिर से बिहार में एक यात्रा निकालने जा रहे हैं.
16 सितंबर से तेजस्वी यादव की बिहार यात्रा : तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि वह 16 सितंबर से बिहार के बचे हुए जिलों में यात्रा निकालेंगे. इस यात्रा की शुरुआत जहानाबाद से होगी और यह चार दिनों तक चलेगी. खास बात ये है कि इस यात्रा में पिछली बार की तरह राहुल गांधी साथ में नहीं होंगे।
बचे जिलों में जाएगी यात्रा : इस चरण की यात्रा में तेजस्वी यादव बाढ़, बख्तियारपुर और सहरसा जैसे बचे हुए जिले का दौरा करेंगे. उन्होंने कहा कि जहां-जहां पिछली यात्रा नहीं पहुंच पाई थी, वहां इस बार जाकर लोगों से मुलाकात की जाएगी.
SIR को लेकर फिर से यात्रा : तेजस्वी यादव ने कहा कि SIR को लेकर राहुल गांधी और उनकी अगुवाई में पहले चरण की यात्रा 23 जिलों में की गई थी. अब जिन जिलों में यात्रा नहीं पहुंची थी, वहां यह कार्यक्रम पूरा किया जाएगा.
“हम लोग शेष बचे 13 जिलों में 16 सितंबर से यात्रा निकालेंगे. यहां पर पिछली बार हम लोग नहीं पहुंच पाए थे. हमें लगा कि वहां पर भी हमें जाना चाहिए तो हम लोग यात्रा निकाल रहे हैं.” – तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा
पीएम मोदी को राघोपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती : तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राघोपुर से चुनाव लड़वाएं. उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह केवल बयानबाजी करती है, लेकिन बिहार की असल चुनौतियों से ध्यान भटकाती है.
राहुल गांधी की गैरमौजूदगी पर जवाब : राहुल गांधी के शामिल न होने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. गठबंधन के अन्य नेता यात्रा में मौजूद रहेंगे और जनता से संवाद करेंगे.











