गोरखपुर: सीएम योगी ने आज छात्रों को बड़ी सौगात दी है। सीएम योगी ने गोरखपुर मंडल के 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरित किए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोरखपुर जिले के 35 हजार बच्चों को टैबलेट मिले। इसी क्रम में देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए।
इस दौरान सीएम योगी ने सपा पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा, आपने बदलते हुए यूपी को देखा होगा। अपने माता-पिता से पूछिए अपने दादा-दादी से, नाना-नानी से, मामा-मामी से पूछिए जब वे युवा थे तब क्या था, यूपी की तस्वीर तब क्या थी? यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश में तो नौकरी नहीं थी, लेकिन देश के अंदर भी यूपी के नाम पर कोई व्यक्ति बैठने के लिए नहीं कहता था।
सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी का नौकरी लग ही गई तो किराए पे मकान नहीं मिलता था। होटल में कमरा नहीं मिलता था। धर्मशाला में रहने की जगह नहीं मिलती थी। यूपी में कोई परीक्षा होती थी, तो नौजवानों के सामने पहला ही संकट होता था क्या होगा?
योगी ने कहा, “क्या अराजकता थी? दंगे अपराध, गुण्डागर्दी, बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़, नौजवान की नौकरी पे डकैती और बाद में कोर्ट का स्टे, फिर नौकरी निरस्त, नौजवान ताकता रहता था। लोग प्रदेश को अराजक प्रदेश कहते थे। पहचान का संकट था। ना सड़क थी, ना बिजली थी, ना पानी था। ना नौकरी थी, ना रोजगार था। ना उद्योग थे। ना यूनिवर्सिटी थी। ना अच्छे कॉलेजेस थे।
सीएम योगी ने कहा, “आज मुझे अच्छा लगता है, यूपी अब बदल चुका है। आप में से बहुत सारे युवा ऐसे हैं जिनको आज से 10 वर्ष पहले की अराजकता पता नहीं है। यूपी में कितने बड़े पर्व और त्यौहार अभी शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए।
“आज यूपी को हमने पहचान के संकट से मुक्त किया है, अराजकता से मुक्त किया है, गुंडागर्दी से मुक्त किया है। अब यूपी को कोई बीमारू नहीं कह सकता और आप जैसे युवा तो इस बात के साक्षी हैं”।








