नई दिल्ली: सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ आज मंगलवार को लॉन्च हो गई। इस किताब में सोनिया गांधी ने कई खुलासे किए हैं। उन्होंने इस किताब के अंदर इसका भी ज़िक्र किया है कि वो 2004 में प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनीं थीं।
सोनिया ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि, 2004 के आम चुनावों से कुछ महीने पहले परिवार में इस पर बात हुई थी। जब बच्चों ने उनसे सीधे पूछा कि अगर पार्टी जीतती है तो क्या वह पीएम बनेंगी, तो सोनिया ने तुरंत कहा था, बिल्कुल नहीं!
जब बच्चों ने सोनिया गांधी से दोबारा पूछा, तो उन्होंने साफ कहा था कि वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं।
चुनाव नतीजों के बाद गठबंधन दलों के नेता सोनिया गांधी पर पीएम पद किया संभालने का भारी दबाव बना रहे थे। सोनिया गांधी लिखती हैं कि जब उन्होंने इनकार किया तो कमरे में अफरा–तफरी मच गई। सभी नेता अपनी जगह से खड़े होकर उनकी ओर बढ़ आए और उन्हें घेर लिया।
नेताओं ने कड़े और आक्रामक लहजे में कहा कि हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे, मैडम आप यह फैसला नहीं ले सकतीं। हम ‘ना’ सुनना ही नहीं चाहते।
नेताओं के दबाव और शोर-शराबे से घबराकर सोनिया गांधी ने दबी जुबान में कह दिया, ‘ठीक है…’। उनके इतना कहते ही सभी नेता उन्हें बधाई देने लगे।
यह सुनकर प्रियंका गांधी सीधे राहुल गांधी के पास गईं और बताया कि उन्होंने हां कर दी है। राहुल गांधी फ़ौरन मां के पास पहुंचे और पूछा, ‘आपने हां कैसे कह दी?’
सोनिया ने जवाब दिया, ‘वे मेरी सुन ही नहीं रहे थे, मुझ पर बहुत दबाव डाला गया।’
लेकिन कुछ घंटों बाद वह सीधे राहुल के कमरे में गईं और कहा कि मैंने फैसला कर लिया है कि मैं प्रधानमंत्री का पद स्वीकार नहीं करूँगाी और अपने रुख पर कायम रहूंगी। राहुल ने तुरंत अपनी मां को गले से लगा लिया और कहा कि यह बिल्कुल सही फैसला है।









