चंडीगढ़: एक तरफ दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली थी तो वहीं बीजेपी की हरियाणा के रोहतक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा चल रही थी। इस पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि जनता का जनादेश न मिलने की हताशा में कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। हरियाणा के रोहतक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि 1984 के सिख-विरोधी दंगों के लिए प्रायश्चित करने और माफी मांगने के बजाय कांग्रेस दिल्ली में उन हत्याओं की बरसी पर विरोध प्रदर्शन करने उतरी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सरकार चलाने के लिए जनादेश देती है।
उन्होंने कहा कि आज हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए पदयात्रा निकालकर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष जनता के जनादेश का अनादर करता है, तो एनडीए कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर उन्हें जवाब देने का काम करते हैं।
नितिन नवीन ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती दी कि वे सबसे पहले कांग्रेस के भीतर राहुल गांधी के इर्द-गिर्द चल रहे राजतंत्र को खत्म करें और अपनी पार्टी में लोकतंत्र स्थापित करें।








