नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। जिसमें राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर करीब 3 से 4 घंटे तक गहन मंथन हुआ। करीब चार साल बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचे गृह मंत्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा सहित दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे।
गृह मंत्री ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए कि दिल्ली में सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोहों और ड्रग माफियाओं के नेटवर्क को निर्मम तरीके से खत्म किया जाए। उन्होंने नशे के कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए “टॉप-टू-बॉटम” सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में त्योहारों के आगामी सीजन को देखते हुए बाजारों और संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पिछले महीनों के दौरान राजधानी में हुए विभिन्न विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई और भविष्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों का मूल्यांकन किया गया।









