नई दिल्ली: कल यानि 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है। पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का अनुरोध किया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ संवेदनशील स्थानों की ओर बढ़ सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है।
दिल्ली पुलिस ने जिन 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, आईएनए, हौज खास, आजादपुर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, शाहीन बाग, वेलकम और रोहिणी वेस्ट समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने जंतर-मंतर, संसद भवन व अन्य प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास के इलाकों को विशेष सुरक्षा घेरे में ले लिया है। जंतर-मंतर को चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टुकड़ियां संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च कर रही है।









