नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज दिल्ली की सड़कों पर ‘INDIA’ गठबंधन का जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर बढ़े विपक्षी सांसदों के मार्च को पुलिस ने आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, तो राहुल, प्रियंका समेत सभी लोग आकाशवाणी भवन के सामने धरने पर बैठ गए।
इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि “हम चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और अपने ही देश में मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने हमें रोक दिया। हमें समझ नहीं आ रहा कि हम CEC से क्यों नहीं मिल सकते? ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “हम यहां लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े हैं। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने मिलकर इस देश के लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। लेकिन याद रखिए, इसमें शामिल एक भी व्यक्ति बचकर नहीं भाग पाएगा।









