नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने अपने गठन के 100 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह’ का आयोजन किया गया जिसे पीएम मोदी ने संबोधित किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि 100 साल में पीढ़ियां, सरकारें सभी बदलीं लेकिन UPSC पर भरोसा पहले जैसा ही अटूट बना हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा- “आप सभी को हमेशा याद रखना है कि आपका काम युवा शक्ति के भविष्य से जुड़ा हुआ है। युवा शक्ति से राष्ट्र शक्ति के मिशन का आप एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। जब UPSC का गठन हुआ था तब बड़े शहरों के बड़े घर के बच्चों को इसका अवसर मिलता था। आज गांव और कस्बों के युवा भी इसमें पहुंच रहे हैं। हमारी बेटियों की भागीदारी भी इसमें बढ़ रही है।
पीएम ने कहा कि आज का यह दिन UPSC के 100 वर्षों के साथ एक विरासत का भी उत्सव है। यह उस उम्मीद का उत्सव है जिसे हर साल लाखों युवा जीते हैं। यह उस भरोसे का उत्सव है जो हर भारतीय इस संस्था पर करता है। 100 वर्ष की इस यात्रा में पीढ़िया, तकनीक, सिलेबस और सरकार बदली हैं लेकिन UPSC पर भरोसा उतना ही मजबूत है।
इस दौरान मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार का भी जिक्र किया जिन्होंने दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में 174 लोगों की जान बचा ली। पीएम मोदी ने कहा कि एक हिंदुस्तानी ने 9/11होने से बचा लिया।
पीएम मोदी ने कहा- “कल जो एक घटना घटी और भारत के कैप्टन स्मित ने जिस प्रकार से सूझबूझ और साहस का परिचय करवाया। आज इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया। हर देशवासी के लिए कैप्टम स्मित का ये पराक्रम हमें गौरव से भर देता है। आज मेरी उनके पिता भूपेंद्र भाई उनकी माता गीता बहन और पत्नी बहन सोनल से भी बातचीत हुई। आज पूरी दुनिया उन पर गर्व कर रही है।









