हल्द्वानी: BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे का आज दूसरा दिन है। आज के दिन की शुरुआत उन्होंने मां अष्टभुजा मंदिर में दर्शन के साथ की। हल्द्वानी में नितिन नवीन ने सुबह अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
नितिन नवीन ने मां अष्टभुजा से देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी समेत कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे। नितिन नवीन ने उत्तराखंड की देवभूमि, संस्कृति और शहीदों की भूमि के रूप में विशेष रूप से सराहना की।
मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जमकर प्रशंसा की।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में देवताओं का निवास है।
यह भूमि अपनी समृद्ध विरासत, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखती है। नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड की यह पवित्र भूमि इसी तरह ऊर्जावान और आध्यात्मिक शक्ति से भरपूर बनी रहे, यही उनकी कामना है।









