हल्द्वानी: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज उत्तराखंड दौरे का दूसरा दिन है। कल नितिन नवीन ने हल्द्वानी में भाजपा की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान नितिन नवीन ने हल्द्वानी शुद्धिकरण, वंदे मातरम, तुष्टिकरण जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के मन में हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति रहती है, इसीलिए इनको पूरा वंदे मातरम् गाने में दर्द होता है। उन्होंने कहा जिस ‘वंदे मातरम्’ की गूंज सुनकर हमारे हजारों-लाखों बलिदानियों ने इस मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसी ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गान से कांग्रेस को आपत्ति होती है।
नितिन नवीन ने कहा यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। ‘वंदे मातरम्’ की यह गूंज सिर्फ हमारी आजादी की गूंज नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प की आवाज भी है।
उन्होंने कहा कांग्रेस ने दलितों को हमेशा अपमानित करने का काम किया। चाहे बाबा साहेब अंबेडकर जी हों, जगजीवन राम जी हों… सभी को अपमानित करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कांग्रेस का इतिहास दलितों को अपमानित करने का रहा है।
कांग्रेस ने युवाओं को निराशा और अंधकार में रख रखा। देश के युवाओं को कोई उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा आज पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का युवा आशा और विश्वास के साथ स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनते हुए आगे बढ़ रहा है। आज देश का युवा job seeker से job giver बन रहा है।
वहीं नितिन नवीन ने सीएम धामी की तारीफ की। उन्होंने कहा समान नागिरक संहिता लागू करने का काम यहां भाजपा की सरकार ने किया। वन रैंक वन पेंशन से लेकर आवास, सरकारी सेवाओं में आरक्षण और सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया।
साथ ही नितिन नवीन ने कहा आज डबल इंजन की सरकार संकल्पित होकर उत्तराखंड के विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा को हम और मजबूत करेंगे और 2027 में फिर से बीजेपी की सरकार बनाएंगे।









