वडोदरा। पीएम मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में करीब 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। एमएस यूनिवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी और तकनीक को विकसित भारत की यात्रा का अहम आधार बताया।
नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के दौरान, पीएम मोदी ने मुख्य रूप से Gen-Z (युवा पीढ़ी) को संबोधित किया और देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने वाली कई बड़ी योजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में दक्ष बनाने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही कहा कि ‘झूठ की गूंज’ के जरिए लोगों को गुमराह करने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का युवा सच की गर्जना के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विकास पर्व के दौरान शहर में चलाए गए स्वच्छता और स्वागत अभियान की भी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जिस सेवाभाव के साथ पूरे शहर में स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया गया, उसके लिए वडोदरा के प्रत्येक नागरिक की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का वातावरण अब हर परिवार के जीवन का हिस्सा बन रहा है और यह बदलाव देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो AI को सिर्फ एक तकनीक के तौर पर नहीं, बल्कि अलग-अलग उद्योगों में इस्तेमाल होने वाले प्रभावी साधन के रूप में समझें। उन्होंने कहा कि AI में कुशल युवा देश के साथ-साथ दुनिया के उद्योगों के लिए भी नए समाधान और तकनीक विकसित कर सकते हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए विपक्ष और नकारात्मक ताकतों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज भ्रम फैलाने और गुमराह करने वाले लोग हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान ‘झूठ की गूंज’ से भ्रमित नहीं होता, बल्कि ‘सच की हुंकार और गर्जना’ के साथ आगे बढ़ रहा है।








