नई दिल्ली। संसद में चल रहे हंगामे के बीच आज शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने एनडीए में शामिल नए सांसदों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपको चिंता करने की कोई ज़रूरत नहीं है मैं आपके साथ हूं।
पीएम मोदी ने TMC के बागी सांसद और शिवसेना (उद्धव गुट) के छह सांसद, जो हाल ही में एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए हैं, उनको भी आश्वासन दिया कि वह उनके साथ हैं और उन्हें चिंता करने की कोई बात नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि NDA एक परिवार है। हम सभी घटक दलों के साथ हैं। प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा और उसे मौका दिया जाएगा। मैं एनडीए के किसी एक घटक दल के साथ नहीं, बल्कि हर सांसद के साथ हूं। मैं एनडीए के हर एक सांसद के साथ खड़ा हूं।
पीएम मोदी ने सांसदों को अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। सांसदों से संसद के इतिहास को पढ़ने, सीखने और समझने को कहा। उन्होंने कहा कि संसद में ऐतिहासिक सामग्री का भारी खजाना मौजूद है, इसका उपयोग सदन की बहसों की तैयारी के लिए करें।









